रायपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी: साधुओं ने पहले बीमारी बताई, फिर 150 ग्राम सोना लेकर हुए गायब

बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने का झांसा, पूजा के नाम पर 7 बार में लिए जेवर; अकाल मौत का डर दिखाकर महिला को रखा चुप
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपए के सोने के जेवर और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साधुओं के भेष में पहुंचे तीन लोगों ने महिला को उसकी बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने के साथ परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पूजा के नाम पर अलग-अलग समय में उससे करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ले लिए।
मामला गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स का है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीमारी की ऐसी बातें बताईं कि महिला को हुआ भरोसा
पुलिस शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में तीन आरोपी साधु के भेष में नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी बातें कहीं, जिन्हें महिला ने अपनी निजी परिस्थितियों से जोड़कर देखा।
महिला को लगा कि आरोपियों को उसके बारे में विशेष जानकारी है। इसके बाद आरोपियों ने पूजा कराने की बात कही और दावा किया कि इससे उसकी बीमारी और परिवार की परेशानियां दूर हो जाएंगी।
पहली पूजा के नाम पर आरोपियों ने करीब 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए। महिला को भरोसा दिलाया गया कि पूजा पूरी होने के बाद सामान वापस कर दिया जाएगा।
हर 10-12 दिन में आते और जेवर लेते गए
शिकायत के अनुसार, करीब 10-12 दिन बाद आरोपी दोबारा महिला के पास पहुंचे। इस बार उन्होंने करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ली। इसके बाद आरोपियों ने महिला को अपना मोबाइल नंबर दिया और फोन के जरिए संपर्क बनाए रखा।
आरोप है कि इसके बाद करीब दो सप्ताह के अंतराल में आरोपी महिला के घर आते रहे और पूजा के नाम पर सोने के जेवर मांगते रहे। महिला ने भरोसे में आकर करीब 7 बार में लगभग 150 ग्राम सोने के जेवर उन्हें दे दिए। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल बताए गए हैं।
अकाल मौत का डर दिखाकर किसी को नहीं बताने दिया
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने महिला को कथित तौर पर डराया भी। उसे कहा गया कि अगर उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है।
आरोपियों ने परिवार के किसी सदस्य की अकाल मौत होने तक का डर दिखाया। इसी भय के चलते महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार के अन्य सदस्यों से घटना की जानकारी छिपाए रखी।
7 सितंबर से फिर मांगने लगे जेवर और नकदी
पुलिस शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर से आरोपियों ने महिला को दोबारा फोन करना शुरू किया और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी की मांग की। महिला ने जब सामान नहीं होने की बात कही, तब भी आरोपियों के फोन आते रहे।
इसके बाद 25 सितंबर की रात जब महिला के पति जसवंत परमार घर लौटे, तो महिला ने रोते हुए उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद पति के साथ वह गंज थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मोबाइल नंबर से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
गंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपियों ने इसी तरीके से किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया है।












