B.Sc कृषि काउंसलिंग: अभ्यर्थियों को सीट और कॉलेज आवंटित, 22 अगस्त तक दस्तावेज सत्यापन

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया जारी, 25 अगस्त से स्पॉट और कन्वर्शन काउंसलिंग शुरू होगी
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) में प्रवेश की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय आवंटित कर दिया गया है।
आवंटित सीट को सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। वहीं, दस्तावेजों का परीक्षण 20 से 22 अगस्त तक कृषि महाविद्यालय रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा।
सीट नहीं मिली तो स्पॉट काउंसलिंग का मौका
काउंसलिंग समिति की अध्यक्ष एवं कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित नहीं हुई है, वे स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए 20 से 24 अगस्त 2026 की रात 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हुई है लेकिन वे उसे सुरक्षित नहीं कर पाए और आगे की काउंसलिंग में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें भी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
सीट निरस्त करने के लिए भी तय समय
यदि कोई अभ्यर्थी आवंटित सीट सुरक्षित करने के बाद प्रवेश प्रक्रिया से बाहर होना चाहता है, तो उसे 20 से 24 अगस्त 2026 की रात 11:30 बजे तक सीट निरस्त करनी होगी। इसके बाद आबंटित और रिक्त सीटों की जानकारी 25 अगस्त को जारी की जाएगी।
इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
31 अगस्त से स्पॉट काउंसलिंग
स्पॉट काउंसलिंग के तहत प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय का आवंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को इसी अवधि में कृषि महाविद्यालय रायपुर पहुंचकर दस्तावेजों का परीक्षण और ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
वहीं, कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय आवंटन के साथ दस्तावेज परीक्षण तथा फीस जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 को कृषि महाविद्यालय रायपुर में होगी।
अभ्यर्थी काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।












