रायपुर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार; 246 पाव शराब जब्त

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजगहन और डी.डी. नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 246 पाव यानी 44.280 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 24,600 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 150 रुपये बिक्री रकम भी जब्त की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत 8 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और संबंधित एसीपी के नेतृत्व में की गई।
मुजगहन पुलिस ने ग्राम बोरियाकला, सलोनी और सिवनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 180 पाव देशी मदिरा मसाला शराब, कुल 32.400 बल्क लीटर, बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं डी.डी. नगर पुलिस ने महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के पास और जोरापारा स्थित सुलभ शौचालय के पास कार्रवाई की। यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 66 पाव अवैध शराब, 11.880 बल्क लीटर, जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 6,600 रुपये है। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












