जॉन अब्राहम का जोरदार कमबैक! लंदन में शुरू हुई साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘गुरु’ की शूटिंग, अगले साल होगा बड़ा धमाका

‘द डिप्लोमैट’ के बाद बड़े पर्दे से दूर जॉन अब्राहम अब कई बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ वापसी की तैयारी में, रिभु दासगुप्ता कर रहे हैं ‘गुरु’ का निर्देशन
बॉलीवुड के एक्शन स्टार जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। पिछले साल रिलीज हुई ‘द डिप्लोमैट’ के बाद जॉन अब्राहम बड़े पर्दे पर नजर नहीं आए हैं, लेकिन अब अभिनेता कई बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ वापसी की तैयारी कर रहे हैं।
इसी कड़ी में उनकी एक नई फिल्म ‘गुरु’ की शूटिंग शुरू होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर होगी और इसकी शूटिंग फिलहाल लंदन में की जा रही है।
जॉन अब्राहम की ‘गुरु’ में क्या होगा खास?
सिनेमाई गलियारों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, जॉन अब्राहम की यह फिल्म एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। फिल्म का निर्देशन रिभु दासगुप्ता कर रहे हैं, जो इससे पहले द गर्ल ऑन द ट्रेन और कोड नेम: तिरंगा जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
फिलहाल फिल्म का नाम ‘गुरु’ बताया जा रहा है। हालांकि, फिल्म को लेकर अभी तक मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
लंदन में चल रही शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और जॉन अब्राहम फिलहाल लंदन में शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में जॉन के साथ दानिश पंडोर, आरिफ जकारिया और किटू गिडवानी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस फिल्म की एक खास बात यह भी है कि अभिनय करने के साथ जॉन अब्राहम इसे अपने प्रोडक्शन हाउस JA Entertainment के बैनर तले प्रोड्यूस भी कर रहे हैं।
अगले साल जॉन की फिल्मों की लाइनअप
भले ही इस साल जॉन अब्राहम की कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, लेकिन अगले साल अभिनेता की कई बड़ी फिल्मों की चर्चा है।
जॉन रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली ‘मारिया’ में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म राकेश मारिया के जीवन और पुलिस करियर से जुड़ी कहानी पर आधारित बताई जा रही है।
इसके अलावा जॉन अब्राहम ‘फोर्स 3’ में भी नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता हर्षवर्धन राणे के होने की जानकारी सामने आई है।
राकेश मारिया के किरदार पर नजर
जॉन अब्राहम की जिन फिल्मों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें राकेश मारिया की भूमिका वाली फिल्म भी शामिल है। फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं, जिनमें जॉन पुलिस की वर्दी में दिखाई दिए हैं।
अब जॉन के फैंस को इंतजार है कि अभिनेता इन अलग-अलग किरदारों में बड़े पर्दे पर किस तरह नजर आते हैं। फिलहाल ‘गुरु’ को लेकर आधिकारिक घोषणा और रिलीज डेट का इंतजार है।












