chhattisgarhLatest

तालाब में नहाने गई थीं 3 सहेलियां… फिर घर नहीं लौटीं

कोरबा में तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत, घंटों बाद मिले शव

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में गुरुवार दोपहर अलगू तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं और एक ही बस्ती में रहती थीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृत बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। इंदु के पिता का नाम दुर्जन, राखी के पिता का नाम मलखम और साधना के पिता का नाम सुखसिंह बताया गया है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं।

दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं

जानकारी के अनुसार गुरुवार को तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। दोपहर के समय वे नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब चली गईं। उस वक्त तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था। बच्चियां काफी देर तक वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता होने लगी।

किनारे मिले कपड़े और चप्पल

परिजन और ग्रामीण बच्चियों की तलाश करते हुए तालाब तक पहुंचे। वहां किनारे तीनों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इससे अनहोनी की आशंका और बढ़ गई। तलाश के दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

घंटों की मशक्कत के बाद मिले बाकी दोनों शव

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम किया है। शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button