बदरीनाथ-केदारनाथ में VIP दर्शन शुल्क पर रोक, श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में VIP श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने प्रोटोकॉल के तहत आने वाले विशिष्ट अतिथियों के प्राथमिक दर्शन के लिए निर्धारित 1,100 रुपये प्रति यात्री शुल्क की वसूली फिलहाल रोक दी है।
यह फैसला 15 सितंबर से शुरू हुए यात्रा के दूसरे चरण के लिए लिया गया है। मंदिर समिति के अनुसार, यह छूट फिलहाल इसी चरण तक सीमित रहेगी। आगे VIP प्राथमिक दर्शन व्यवस्था को किस तरह लागू किया जाएगा, इस पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ में VIP श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बन रहा था। इसी को देखते हुए पहले प्राथमिक दर्शन के लिए शुल्क व्यवस्था लागू की गई थी।
मंदिर समिति का कहना है कि सामान्य श्रद्धालुओं को सुगम और जल्द दर्शन उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। VIP दर्शन शुल्क पर रोक के बाद अब आगे की यात्रा में इस व्यवस्था को लेकर नई गाइडलाइन पर नजर रहेगी।












