chhattisgarhLatest

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 13 अधिकारियों का तबादला; कई जिलों के DEO बदले

8 सितंबर को जारी आदेश के तहत बिलासपुर, सरगुजा, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, मुंगेली, खैरागढ़ और बलौदाबाजार समेत कई जिलों में नई जिम्मेदारियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने प्राचार्य स्तर के 13 अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 8 सितंबर 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के बाद प्रदेश के कई जिलों और शिक्षा संभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। नई पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।

बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। राजेश सिंह को प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा के पद पर पदस्थ करते हुए संभागीय संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं अश्वनी भारद्वाज को प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर बनाया गया है और उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इसके अलावा ए.के. सिन्हा को सूरजपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है, जबकि मनोहर प्रताप सिंह को जांजगीर-चांपा का प्रभारी DEO नियुक्त किया गया है। जगजीत धीर को दुर्ग और एल.पी. डहीरे को मुंगेली का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।

आदेश में उपेंद्र कुमार देवांगन को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, संदीप कुमार पाडे को बिलासपुर और शिव कुमार शास गेंदले को बलौदाबाजार-भाटापारा का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुरुषोत्तम लाल साहू को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।

विभाग ने डॉ. मोहन लाल पटेल को सहायक संचालक, कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया है। वहीं रामेश्वर जायसवाल को प्रतिनियुक्ति पर जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी दी गई है। योगदास साहू को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के डाइट में प्राचार्य पद पर प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button