तीज के रंग में रंगा रायपुर प्रेस क्लब, लक्ष्मी राजवाड़े ने रैंप वॉक कर बढ़ाया महिला पत्रकारों का उत्साह

तीज महोत्सव में भावना बोहरा और लक्ष्मी वर्मा ने भी की शिरकत, पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक और खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां।
रायपुर, 7 सितंबर 2026। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित महिला पत्रकारों का तीज महोत्सव पारंपरिक रंग, उल्लास और आत्मीयता से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं और महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया।
लक्ष्मी राजवाड़े ने रैंप वॉक कर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का पारंपरिक अंदाज खास आकर्षण का केंद्र रहा। सिर पर पल्लू लेकर उन्होंने छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप रैंप वॉक किया। उनके सहज और आत्मीय अंदाज को महिला पत्रकारों ने खूब सराहा। रैंप वॉक के दौरान पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी।
भावना बोहरा और लक्ष्मी वर्मा ने भी साझा कीं खुशियां
तीज महोत्सव में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा भी शामिल हुईं। श्रीमती भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक में हिस्सा लिया, जबकि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।
जनप्रतिनिधियों की इस आत्मीय सहभागिता से महिला पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पारंपरिक परिधानों में नजर आया आत्मविश्वास
महोत्सव में महिला पत्रकार पारंपरिक परिधानों में सजी नजर आईं। रैंप वॉक के दौरान उन्होंने सादगी, आत्मविश्वास और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की खूबसूरती को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम ने तीज की पारंपरिक भावना के साथ महिलाओं के बीच आपसी मेलजोल को भी मजबूत किया।
खेल और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई रौनक
तीज महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इनमें हिस्सा लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन के बीच प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं और समाज की आवाज को मजबूती से सामने रख रही हैं।
उन्होंने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच महिलाओं को आपसी संवाद और उत्सव का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को तीज की शुभकामनाएं दीं।
महिला पत्रकारों को दिए गए रिटर्न गिफ्ट
कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में उत्साह देखने को मिला। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल प्रतियोगिताओं और आत्मीय मेलजोल ने पूरे प्रेस क्लब परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया।
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू एवं श्री भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्य और महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।












