शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षकों को लिखा भावुक पत्र, कहा- आपकी सीख जीवन की अमूल्य पूंजी

रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शिक्षकों को भावुक पत्र लिखकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने जीवन में शिक्षकों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। बचपन से लेकर जीवन के अलग-अलग पड़ावों तक शिक्षकों की सीख ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका किसी भी समाज के निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण होती है। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। यही मूल्य आगे चलकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और समाज के भविष्य को मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है और जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री का यह पत्र शिक्षक और शिष्य के बीच के भावनात्मक रिश्ते को भी दर्शाता है। शिक्षक दिवस पर अपने गुरुओं को याद करते हुए उन्होंने पुरानी सीख और उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।












