दुर्गा महाविद्यालय में हैकाथॉन और यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की दी जानकारी
रायपुर के मोदहा पारा स्थित दुर्गा महाविद्यालय में हैकाथॉन एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर कमिश्नरेट की डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, सिविक सेंस और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
डॉ. अर्चना झा ने विद्यार्थियों को समझाया कि लाल बत्ती पर रुकना, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करना, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाना, जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देना और एम्बुलेंस को रास्ता देना केवल कानूनी नियम नहीं हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी भी हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के उद्देश्य से करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हैकाथॉन को लेकर भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि तकनीक, नवाचार और रचनात्मक सोच के जरिए यातायात व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार, महाविद्यालय की प्राचार्य, प्राध्यापकगण और सहायक स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।












