chhattisgarhCrimeLatest

कोरबा में पुलिस टीम की हवाई यात्रा पर कार्रवाई, पीड़ित से लिया टिकट का पैसा; थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित

धोखाधड़ी के आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली गई थी कटघोरा पुलिस की टीम, विभागीय नियमों की अनदेखी और वित्तीय अनियमितता की जांच में हुई पुष्टि

कोरबा। धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपित को गिरफ्तार करने दिल्ली गई कटघोरा पुलिस की टीम पर विभागीय नियमों की अनदेखी और वित्तीय अनियमितता के आरोप सही पाए गए हैं। जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मियों ने दिल्ली जाने के लिए हवाई यात्रा की और विमान टिकट का खर्च मामले के पीड़ित से लिया गया। शिकायत की जांच के बाद बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

गिरफ्तारी के लिए दिल्ली गई थी पुलिस टीम

मामला कोरबा के आटोमोबाइल कारोबारी गौरव मोदी से जुड़े धोखाधड़ी प्रकरण का है। उनके परिवार की ओर से कृष्णा जेसीबी नाम से कोरबा, बिलासपुर समेत पांच स्थानों पर जेसीबी डीलरशिप संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। कारोबार में करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया गया है।

जेसीबी कंपनी द्वारा अलग-अलग स्थानों की डीलरशिप समाप्त किए जाने के बाद कारोबारी पक्ष की ओर से धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसी मामले में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कटघोरा थाने की पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया था।

विभागीय निर्देशों की अनदेखी का आरोप

दिल्ली रवाना हुई पुलिस टीम ने यात्रा से संबंधित विभागीय प्रक्रिया का पालन नहीं किया। आरोप है कि टीम ने हवाई यात्रा की और इसके टिकट का खर्च सरकारी प्रक्रिया के बजाय मामले के पीड़ित से लिया गया। शिकायत सामने आने के बाद मामले की विभागीय जांच कराई गई।

जांच में यात्रा संबंधी नियमों के उल्लंघन के साथ वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई। इसके बाद आईजी ने कार्रवाई करते हुए आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

थाना प्रभारी समेत ये 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव और राजेश कंवर तथा आरक्षक प्रदीप राठौर, सुशील यादव और प्रशांत सिंह शामिल हैं।

इनमें प्रदीप राठौर कटघोरा थाना, सुशील यादव साइबर सेल और प्रशांत सिंह रक्षित केंद्र कोरबा में पदस्थ थे। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button