FeatureLatestNational

SSC CHSL 2026 का नोटिफिकेशन जारी, 2500 से ज्यादा पदों पर मौका; जानें पूरी डिटेल

एसएससी सीएचएसएल 2026 के लिए आवेदन शुरू, 2536 पदों पर होगी भर्ती

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर परीक्षा यानी CHSL 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

इस भर्ती परीक्षा के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में ग्रुप-सी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें लोअर डिविजन क्लर्क (LDC), जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA) और डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) सहित अन्य पद शामिल हैं।

2536 पदों पर भर्ती का अनुमान

आयोग ने फिलहाल करीब 2536 रिक्तियों को टेंटेटिव बताया है। अंतिम रिक्तियों की संख्या संबंधित विभागों से प्राप्त जानकारी और दस्तावेजों की जांच के बाद तय की जाएगी।

आयोग बाद में अपनी वेबसाइट पर पदवार और श्रेणीवार संशोधित रिक्तियों की जानकारी जारी करेगा। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि एसएससी राज्यवार या जोनवार रिक्तियां एकत्र नहीं करता है।

किस पद पर कितना वेतन?

एलडीसी/जेएसए: पे लेवल-2, वेतनमान 19,900 से 63,200 रुपये।

डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO): पे लेवल-4 में 25,500 से 81,100 रुपये और पे लेवल-5 में 29,200 से 92,300 रुपये।

डाटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड-ए: पे लेवल-4, वेतनमान 25,500 से 81,100 रुपये।

आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें

ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख 7 सितंबर 2026 है। आवेदन की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे निर्धारित की गई है। ऑनलाइन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे है।

आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए विंडो 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

परीक्षा कब होगी?

एसएससी ने अभी सीएचएसएल 2026 की टियर-1 और टियर-2 परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। नोटिस के अनुसार दोनों चरणों की परीक्षा का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

टियर-1 परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टियर-2 परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आवेदन से पहले ध्यान रखें यह बात

एसएससी अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट और पदों की प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप से पद आवंटित करेगा। एक बार पद आवंटित होने के बाद संबंधित पद की शारीरिक, चिकित्सकीय या शैक्षणिक पात्रता पूरी नहीं करने पर आयोग पद बदलने के बजाय अभ्यर्थिता रद्द कर सकता है।

आयोग ने महिला अभ्यर्थियों को भी भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया है। आवेदन से जुड़ी किसी परेशानी के लिए आयोग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003093063 जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button