खैरागढ़ में कांग्रेस की नई तैयारी, 20 वार्डों में प्रभारी नियुक्त…

नगरपालिका चुनाव से पहले कांग्रेस ने कसी कमर, 20 वार्डों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को
खैरागढ़ में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। कांग्रेस ने संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने के लिए नगर पालिका क्षेत्र के सभी 20 वार्डों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रभारियों को अपने-अपने वार्ड में कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क, समन्वय और संगठन की गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खैरागढ़ में दिसंबर में नगर पालिका चुनाव प्रस्तावित बताए जा रहे हैं और वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ी हैं।
20 वार्डों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था बनाई गई है। संगठन ने वरिष्ठ नेताओं को दो-दो वार्डों का प्रभार देकर जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी है।
किस नेता को कौन-सा वार्ड मिला?
वार्ड 1 पुराना पिपरिया और वार्ड 2 नया पिपरिया की जिम्मेदारी धनेश वर्मा को दी गई है। वार्ड 3 गंजीपारा और वार्ड 4 राजफेमली का प्रभार केशव सिंह संभालेंगे।
वार्ड 5 ठाकुरपारा और वार्ड 6 बरेठपारा की जिम्मेदारी कन्हैया बैस को मिली है, जबकि वार्ड 7 गोल बाजार और वार्ड 8 तुरकारीपारा का प्रभार सुनीलकांत पांडेय को सौंपा गया है।
वार्ड 9 इतवारी बाजार और वार्ड 11 धरमपुरा की जिम्मेदारी जितेंद्र सिंह गौर को दी गई है। वहीं वार्ड 10 लालपुर और वार्ड 20 सिविल लाइन-खम्हरिया का प्रभार भीखमचंद छाजेड़ को सौंपा गया है।
वार्ड 12 अमलीपारा और वार्ड 14 सोनेसरार की जिम्मेदारी गुलाब चोपड़ा को दी गई है। वार्ड 13 धनेली और वार्ड 15 अमलीडीह का प्रभार नीलेन्द्र शर्मा संभालेंगे।
वार्ड 16 दाऊचौरा देवांगनपारा और वार्ड 17 दाऊचौरा सारथीपारा की जिम्मेदारी नासिर मेमन को दी गई है। वहीं वार्ड 18 अंबेडकर वार्ड-शिव मंदिर मार्ग और वार्ड 19 गोकुल नगर-टिकरापारा का प्रभार पं. मिहिर झा को सौंपा गया है।
वार्ड स्तर पर बढ़ेगा कार्यकर्ताओं से संपर्क
बैठक में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने नवनियुक्त प्रभारियों से अपने-अपने वार्ड में सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। संगठन की गतिविधियों को वार्ड स्तर तक पहुंचाने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि वार्डवार प्रभारियों की नियुक्ति से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
वार्ड आरक्षण के बाद तेज हुई राजनीतिक हलचल
खैरागढ़ नगर पालिका के 20 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया सितंबर में पूरी की गई है। इसके बाद संभावित प्रत्याशियों और वार्डवार राजनीतिक समीकरणों को लेकर दलों के भीतर गतिविधियां बढ़ने की जानकारी सामने आई है।
कांग्रेस की ओर से वार्डों में प्रभारियों की नियुक्ति को इसी तैयारी के क्रम में देखा जा रहा है। हालांकि प्रत्याशियों के नाम और अंतिम चुनावी रणनीति अलग चरण में सामने आएगी।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य नीलांबर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, कमलाकांत पांडे, केशव सिंह, पं. मिहिर झा, गुलाब चोपड़ा, नीलेन्द्र शर्मा, सुनीलकांत पांडे, कन्हैया सिंह बैस, जितेंद्र सिंह गौर, नासिर मेमन, मोतीलाल जंघेल, विप्लव साहू, धनेश्वर वर्मा, राधेश्याम यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












