रायपुर में छिपे बैठे थे नक्सली पति-पत्नी, पुलिस ने चंगोराभाठा से किया गिरफ्तार

रायपुर – राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके से नक्सली संगठन से जुड़े पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फर्जी पहचान के सहारे शहर में लंबे समय से सक्रिय थे और लगातार नक्सली नेटवर्क को सहयोग पहुंचा रहे थे।
बीजापुर से रायपुर तक… गुपचुप सक्रियता
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जग्गू उर्फ रमेश कुरसम (28) और उसकी पत्नी कमला कुरसम (27) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इंटेलिजेंस रिपोर्ट के मुताबिक, यह दंपत्ति साल 2017-18 से नक्सली संगठन में सक्रिय है। शक है कि वे बीते 5-6 सालों से रायपुर के अलग-अलग इलाकों में छिपकर रह रहे थे।
इलाज का बहाना और फर्जी आधार कार्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि दंपत्ति ने चंगोराभाठा में एक महीने पहले ही नया मकान किराए पर लिया था। मकान मालिक को कमला ने फर्जी आधार कार्ड दिया और बताया कि वे इलाज के सिलसिले में यहां रहना चाहते हैं। वहीं रमेश कुरसम ने शहर में रहते हुए कई अधिकारियों के घर गार्ड और ड्राइवर की नौकरी भी की थी।
पुलिस ऑपरेशन और बरामदगी
इंटेलिजेंस इनपुट मिलते ही डीडी नगर पुलिस ने मकान की घेराबंदी की। दोनों आरोपी पुलिस को बरगलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ में सच सामने आ गया। तलाशी के दौरान मकान से मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नक्सली गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने रमेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि कमला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शहर में इनका नेटवर्क कितना फैला हुआ है और किन लोगों से इनकी गुप्त संपर्क रहा है।






