
मेडिकल शिक्षा के लिए ₹351 करोड़ मंजूर, 6,098 नई सीटें बढ़ेंगी; 3.16 लाख दूध उत्पादकों को मिलेगा लाभ
चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य, मेडिकल शिक्षा और दूध उत्पादकों को लेकर कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना इलाज की सीमा ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर लोगों के लिए अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सेवाओं को भी योजना में शामिल करने की घोषणा की गई है।
सरकार ने दूध उत्पादकों को भी राहत दी है। दूध का खरीद मूल्य ₹38 से बढ़ाकर ₹41 प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि सरकारी प्रोत्साहन राशि ₹3 से बढ़ाकर ₹5 प्रति लीटर की गई है। सरकार के मुताबिक इससे करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा मिलेगा।
मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने ₹351 करोड़ मंजूर किए हैं। इसके तहत मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 6,098 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की योजना है। राज्य में 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा पेरम्बलूर में करीब ₹300 करोड़ की लागत से 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है। सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराने का फैसला भी लिया गया है, ताकि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनसेवा और विकास कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकें।












