होर्मुज खोलने पर ईरान की दो टूक! अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, परमाणु सामग्री पर भी बड़ा बयान

पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने के संकेतों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तेहरान ने अपना रुख साफ कर दिया है। ईरान ने कहा है कि अमेरिका के सामने रखी गई सात शर्तें पूरी होने तक इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खोलने पर सहमति नहीं बनेगी। वहीं, ईरान ने अपनी संवर्धित परमाणु सामग्री किसी दूसरे देश को सौंपने या विदेश भेजने से भी इनकार कर दिया है।
परमाणु सामग्री विदेश भेजने से इनकार
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मेजर जनरल मोहसेन रेजाई ने कहा है कि उनका देश अपनी पूरी संवर्धित परमाणु सामग्री अपने पास रखेगा। ईरानी समाचार एजेंसी आईएसएनए के अनुसार, रेजाई ने इसे घरेलू जरूरतों के लिए इस्तेमाल करने की बात कही है। उनका कहना है कि ईरान इस सामग्री का उपयोग परमाणु ऊर्जा से चलने वाले जहाजों और पनडुब्बियों के विकास के साथ छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर आधारित बिजली संयंत्रों के लिए करना चाहता है।
अमेरिका के सामने रखीं सात शर्तें
रेजाई के मुताबिक, ईरान फिलहाल अमेरिका के साथ बातचीत नहीं कर रहा है। भविष्य में कूटनीतिक वार्ता के लिए तेहरान ने सात शर्तें रखी हैं और अमेरिका के जवाब का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, इन मांगों में आर्थिक प्रतिबंध हटाना, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करना, विदेशों में जब्त ईरानी संपत्तियां बहाल करना और क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम करना शामिल है।
शर्तें पूरी होने पर खुल सकता है होर्मुज
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची पहले कह चुके हैं कि यदि अमेरिका उसकी मांगें स्वीकार करता है, तो 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही फिर शुरू हो सकती है। यह मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
रूस ने की समर्थन की पेशकश
ईरानी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, मोहसेन रेजाई ने बताया कि रूस ने पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त कराने के प्रयासों में समर्थन देने की पेशकश की है। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान और उसकी परमाणु सुविधाओं पर हुए हमलों की निंदा की है।
**अमेरिका बढ़ा रहा आर्थिक दबाव**
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने के बजाय ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का रास्ता चुना है। प्रतिबंधों और आर्थिक उपायों के जरिए तेहरान पर दबाव बनाने की रणनीति जारी है। ऐसे में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है और कूटनीतिक समाधान की राह अभी स्पष्ट नहीं है।












