chhattisgarhCrimeLatest

शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, साथी शिक्षक गिरफ्तार

रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद का पुलिस ने बताया कारण।

रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा ने पैसों के विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया।

आरंग। ग्राम बनचरौदा के पास 17 सितंबर 2026 को शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर (46) का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवकुमार चंद्राकर और चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और चरवाहे से पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।

मोबाइल लोकेशन बंद कर स्कूल से निकला

पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा। इसके बाद उसने मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी और निजी काम का हवाला देकर स्कूल से बाहर चला गया। दोपहर करीब 12:50 बजे वह वापस स्कूल पहुंचा।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना मोबाइल घर पर होने की बात कहकर दूसरे शिक्षक के मोबाइल से VSK ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज और VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच को पुलिस ने मामले की अहम कड़ी बताया है।

30 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि दोनों पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में निवेश और ट्रेडिंग करते थे। पुलिस के अनुसार करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन और पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दावा किया कि उसने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे और इसके बदले तीन ब्लैंक चेक लिए थे।

सुनसान इलाके में ले जाकर हमला

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। पैसों और ब्याज को लेकर विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर गए।

पुलिस का आरोप है कि वहां विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

स्कूटी, हथियार और चेक जब्त

पुलिस ने आरोपी के कथित मेमोरेंडम के आधार पर सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन तथा आरोपी के घटना के समय पहने कपड़े, जूते और मोजे जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button