
जापान को 8 विकेट से हराकर भारत सेमीफाइनल में, शैफाली-श्रीचरणी ने मचाया धमाल… जानें पूरा मैच
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए जापान को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ गत चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने जापान को सिर्फ 57 रन पर समेट दिया, जिसके बाद टीम ने महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
श्रीचरणी की फिरकी के आगे जापान पस्त
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए जापान की पारी को 19.5 ओवर में 57 रन पर समेट दिया।
श्रीचरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। शैफाली वर्मा ने भी गेंद से कमाल दिखाते हुए 2 विकेट अपने नाम किए।
जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
शैफाली ने बल्ले से मचाई तबाही
58 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शैफाली वर्मा ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
रिचा घोष ने भी तेज 12 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत ने सिर्फ 5 ओवर में 59 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला
जापान पर जीत के बाद भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।
भारत की नजर अब लगातार दूसरे एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीतने पर है। टीम ने पहले ही मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से दमदार प्रदर्शन करके अपनी तैयारी का संकेत दे दिया है।












