Site icon CG Sach

साय कैबिनेट की बैठक कल, अमिताभ जैन को विदाई और विकास शील का स्वागत, कई फैसलों पर भी लगेगी मुहर

रायपुर – छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली कैबिनेट की बैठक कल दोपहर साढ़े तीन बजे महानदी भवन में होगी। यह बैठक न केवल राजकीय एजेंडों पर मुहर लगाएगी, बल्कि रिटायर हो रहे मुख्य सचिव अमिताभ जैन को कैबिनेट स्तर पर विदाई देने का दुर्लभ सम्मान भी प्रदान करेगी। राज्य निर्माण के बाद यह दूसरा अवसर होगा जब किसी निवर्तमान मुख्य सचिव को ऐसा सम्मान मिलेगा। इससे पहले फरवरी 2014 में पूर्व मुख्य सचिव सुनील कुमार को ही कैबिनेट ने विदाई दी थी।

कैबिनेट बैठक का समय पहले 24 सितंबर तय था, लेकिनअमिताभ जैन के रिटायरमेंट को ध्यान में रखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया। जैन 1989 बैच के आईएएस अधिकारी ने जून 2025 में रिटायरमेंट की तारीख होने के बावजूद केंद्र सरकार की मंजूरी से तीन माह का एक्सटेंशन पाया था। उन्होंने पौने पांच साल से अधिक समय तक राज्य के प्रशासनिक चेहरा बने रहे, जिसमें कोविड प्रबंधन से लेकर विकास योजनाओं तक कई चुनौतियों का सामना किया। कैबिनेट की यह विदाई उनके योगदान को औपचारिक मान्यता देगी, जो नौकरशाही में एक मिसाल कायम करेगी। इसी बैठक में नए मुख्य सचिव विकास शील का स्वागत भी होगा। 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकास शील 30 सितंबर को केंद्रीय प्रतिनिधित्व से लौटकर पदभार संभालेंगे। वे राज्य के 13वें मुख्य सचिव बनेंगे और जैन की जगह लेंगे। विकासशील की नियुक्ति पांच वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को सुपरसीड कर की गई है, जो प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनका रिटायरमेंट जून 2029 में निर्धारित है, जिससे राज्य को लंबी स्थिरता मिलेगी।

कल की बैठक में स्वागत और विदाई के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते है। इनमें विकास परियोजनाओं की मंजूरी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए नई योजनाएं शामिल हो सकती हैं।

Exit mobile version