chhattisgarhCrimeLatest

48 लाख की नौकरी का दावा… शादी की रात खुली पोल

200 एकड़ जमीन और लाखों की सैलरी बताकर रचाई शादी, फिर सामने आया फर्जी बायोडाटा का खेल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी से जुड़ा ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर 48 लाख रुपये सालाना सैलरी, बीट्स पिलानी से बीटेक, 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का 88 लाख रुपये सालाना टर्नओवर बताकर शादी करने का आरोप लगा है। शादी के बाद दूल्हे का बायोडाटा फर्जी होने की बात सामने आई। इतना ही नहीं, शादी की रात ही टेंट और कैटरिंग का भुगतान अटक गया और अगले दिन होटल से निकलते वक्त कार भी रोके जाने की नौबत आ गई।

मामले में युवती की शिकायत के आधार पर बिलासपुर के कोनी थाना पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल की दोस्ती से शादी के प्रस्ताव तक पहुंचा मामला

पुलिस के मुताबिक, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर कोनी स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात पुराने परिचित हर्षदीप राम जाड़ी से हुई। दोनों पहले हाईस्कूल में साथ पढ़ चुके थे।

मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने परिवार की सहमति से शादी करने की बात कही। इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के एक कैफे में मुलाकात के दौरान हर्षदीप ने अपना बायोडाटा युवती को दिया।

बायोडाटा में लिखी थीं बड़ी-बड़ी बातें

शिकायत के मुताबिक, बायोडाटा में हर्षदीप ने खुद को बीट्स पिलानी से बीटेक और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया था। इसमें उसकी सालाना आय 48 लाख रुपये बताई गई थी।

इसके अलावा पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपये और परिवार के पास करीब 150 से 200 एकड़ जमीन होने का दावा भी किया गया था।

इन जानकारियों पर भरोसा कर युवती के परिवार ने शादी के लिए सहमति दे दी।

शादी से पहले भी अलग-अलग वजहों से लिए पैसे

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी से पहले फरवरी और मार्च 2026 में अलग-अलग जरूरतें बताकर युवक और उसकी मां के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अलग-अलग लेनदेन में करीब 4.96 लाख रुपये हर्षदीप और उसकी मां के खातों में भेजे गए। इसके अलावा हर्षदीप ने अपने खाते में करीब 60 हजार रुपये लिए। युवती के परिवार का दावा है कि इस तरह कुल 6.76 लाख रुपये लिए गए।

शादी की रात ही खुलने लगी पूरी पोल

12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में शादी हुई। परिवार को उम्मीद थी कि शादी का खर्च दूल्हे के पिता उठाएंगे, लेकिन समारोह शुरू होते ही स्थिति बदलने लगी।

आरोप है कि टेंट और कैटरिंग संचालकों ने पूरा काम शुरू नहीं किया। पूछताछ में पता चला कि उन्हें केवल 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को करीब 90 हजार रुपये, जबकि उसके मामा ने टेंट संचालक को करीब 90 हजार रुपये का भुगतान किया।

अगले दिन होटल से निकलते समय रोकी गई कार

शादी के अगले दिन होटल से निकलते वक्त भुगतान को लेकर दूल्हे की कार रोक ली गई। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद होने की बात शिकायत में कही गई है।

यहीं से युवती के परिवार को दूल्हे के बायोडाटा में किए गए दावों पर शक हुआ।

बीट्स पिलानी और 48 लाख की नौकरी का दावा भी निकला झूठा

शिकायत के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हर्षदीप ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने बीट्स पिलानी से पढ़ाई नहीं की है और उसके पास बताई गई नौकरी भी नहीं है।

उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू के तेल के कारोबार से जुड़ा है।

इसके बाद शादी में मिले जेवरों की भी जांच कराई गई। युवती के परिवार का आरोप है कि जांच में ये जेवर भी नकली पाए गए।

जशपुर में शिकायत, बिलासपुर पुलिस ने दर्ज किया केस

युवती ने पहले जशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां पुलिस ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी। इसके बाद बिलासपुर के कोनी थाने में हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अब बायोडाटा में किए गए दावों, बैंक खातों में हुए लेनदेन, शादी के खर्च और कथित नकली जेवरों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

इमू तेल का कारोबार क्या होता है?

इमू ऑस्ट्रेलिया मूल का बड़ा उड़ानहीन पक्षी है। इसके शरीर की चर्बी को प्रोसेस करके इमू ऑयल तैयार किया जाता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से कुछ कॉस्मेटिक और पारंपरिक उत्पादों में किया जाता है। इस मामले में पुलिस इसी कारोबार से जुड़े युवक के दावे और उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति की भी जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button