Feature

मुख्यमंत्री साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 126वीं कड़ी, नवाचार और स्वदेशी पर बड़ा संदेश

रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 126वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ करोड़ों देशवासियों को जोड़ने, उन्हें प्रेरित करने और नवाचार व उत्कृष्ट कार्यों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।

शहीद भगत सिंह और लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को शक्ति उपासना के पर्व नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

बेटियों की उपलब्धि और देश का गौरव

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा की ‘नाविका सागर परिक्रमा’ का उल्लेख किया। दोनों अधिकारियों ने 47,500 किलोमीटर की समुद्री यात्रा 238 दिनों में पूरी कर ‘नीमो प्वाइंट’ पर तिरंगा फहराकर देश का नाम रोशन किया।

जीएसटी बचत उत्सव और स्वदेशी का महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में देशभर में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जीएसटी दरों में कटौती से दैनिक आवश्यक वस्तुओं, वाहनों, कृषि उपकरणों और मशीनों तक में लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के आह्वान के तहत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा “जब हम स्वदेशी वस्तुएं खरीदते हैं, तो हम केवल सामान नहीं लेते, बल्कि एक परिवार की उम्मीद, कारीगर की मेहनत और एक उद्यमी के सपनों को सम्मान देते हैं।”

खादी उत्पादों के उपयोग पर बल : मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में खादी उत्पादों की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि खादी वस्त्रों और उत्पादों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों और उद्योगों को सहयोग दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button